अनुभव सिन्हा की पिछली पांच फिल्मों की रिपोर्ट, कल से सिनेमाघरों में 'भीड़'
Updated : Thu, 23 Mar 2023 05:19 PM

अनुभव सिन्हा की फिल्म भीड़ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। भीड़ लॉकडाउन की घटना से प्रेरित फिल्म है, जिसमें तीन साल पहले देश में लगे लॉकडाउन के कारण लोगों के जीवन पर असर को दिखाया गया है। फिल्म में राजकुमार राव, भूमि पेडनेकर, पंकज कपूर, आशुतोष राणा और दीया मिर्जा अहम किरदारों में दिखेंगे।
फिल्म के ट्रेलर को काफी पसंद किया गया। हालांकि, कुछ लोग इसके विषय को लेकर विरोथ कर रहे हैं। भीड़ सेंसर की जा चुकी है और इसे यूए सर्टिफिकेट दिया गया है। भीड़ वैसे तो विचारोत्तेजक फिल्म है, जो लॉकडाउन के विभिन्न पहलुओं को दिखाती है, मगर सवाल यह है कि क्या बॉक्स ऑफिस पर भीड़ जुटाएगी।
पिछले पांच साल की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
इस सवाल का सही जवाब रिलीज के बाद पता चलेगा। फिलहाल देखते हैं, अनुभव सिन्हा की पिछली पांच के बॉक्स ऑफिस रिजल्ट क्या रहे थे।
2016 में अनुभव ने तुम बिन 2 का निर्देशन किया था। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म ने 60 लाख रुपये की ओपनिंग ली थी और 4.42 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था।
इसके बाद अनुभव सोश्यो-पॉलिटिकल ड्रामा की ओर मुड़ गये। 2018 में उन्होंने मुल्क बनायी। फिल्म ने 1.68 करोड़ की ओपनिंग ली और 21.10 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था।
ऋषि कपूर और तापसी पन्नू की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म में एक मुस्लिम परिवार की व्यथा दिखायी गयी थी, जो परिवार के एक सदस्य के आतंकवादी निकलने के बाद अपना खोया हुआ सम्मान वापस पाने ले लिए संघर्ष करती है।
2019 में आयी आर्टिकल 15 ने 5.02 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी। इस फिल्म ने 65.45 करोड़ लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। यह फिल्म बदायूं दुष्कर्म की घटना से प्रेरित थी। आयुष्मान ने आइपीएस अफसर का रोल निभाया था।
2020 में आयी थप्पड़ ने 2.89 करोड़ की ओपनिंग ली थी और 30.61 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया। तापसी पन्नू ने फिल्म में लीड रोल निभाया था। यह फिल्म घरेलू हिंसा पर कमेंट करती है।
2022 में अनुभव अनेक लेकर आये, जिसने 1.77 करोड़ पहले दिन जमा किये और 8.15 करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन किया था। अनेक में आयुष्मान खुराना लीड रोल में थे। इस फिल्म में नॉर्थ ईस्ट के पॉलिटिकल हालात को दिखाया गया था। आयुष्मान ने अंडर कवर पुलिस अफसर का किरदार निभाया था।