ताजमहल में गिरने से चोटिल हुए पर्यटक, खराब निकली एंबुलेंस- ऐसे अस्पताल पहुंचाए गए लोग
Updated : Thu, 16 Mar 2023 05:56 PM

ताजमहल में बुधवार को गिरने से दो पर्यटक गंभीर रूप से चोटिल हो गए। एंबुलेंस खराब निकली। इस पर व्हीलचेयर पर पर्यटक को ताज पूर्वी गेट बैरियर तक ले जाया गया। वहां से ऑटो से अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, मुख्य मकबरे की सीढ़ियों पर गिरी पर्यटक को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) ने गाड़ी से अस्पताल भिजवाया।
चोटिल पर्यटकों को ऐसे पहुंचाया गया अस्पताल
पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के फलीमारी गांव निवासी 78 वर्षीय सुरंजन साहा ताजमहल देखने आए थे। दोपहर ढाई बजे चक्कर आने से गिर गए। सिर में चोट लग गई। सीआइएसएफ के जवान व भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के कर्मचारी उन्हें स्मारक के लेबर गेट से बाहर लेकर आए। यहां एंबुलेंस चालक ने क्लच का तार टूटने की जानकारी दी। पर्यटक को व्हीलचेयर पर ले जाया गया। वहां से ऑटो से शांति मांगलिक अस्पताल भिजवाया गया। दूसरी घटना बुधवार शाम 6:30 बजे के बाद हुई। केरल के कोझीकोड निवासी 27 वर्षीय हशीरा मुख्य मकबरे की सीढ़ियों से उतरने में चोट लग गई। एंबुलेंस खराब होने पर सीआइएसएफ ने अपनी गाड़ी से शांति मांगलिक अस्पताल भेजा।
विदेशी पर्यटक को ‘गूगल बाबा’ ने ग्रुप से मिलाया
म्यांमार से ताजमहल देखने आईं सेन सेन हते के लिए ‘गूगल बाबा’ मार्गदर्शक साबित हुए। पर्यटक से गूगल ट्रांसलेट की सहायता से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के जवानों ने वार्ता की। म्यांमार तक संपर्क साधा। इसके बाद ग्रुप लीडर ताजमहल पहुंचे और पर्यटक को साथ ले गए। म्यांमार के 25 पर्यटकों का ग्रुप बुधवार दोपहर ताजमहल देखने पहुंचा था।