भाई को फोन किया ले जाओ, ससुराल पहुंचा तो मिली बहन की लाश
Updated : Sun, 12 Mar 2023 04:48 PM

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से सनसनीखेज खबर सामने आयी है। भाई ये लोग मुझसे मारपीट कर रहे हैं। आकर ले जाओ। रविवार की सुबह सोनिया ने भाई सूरज को फोन किया। वह घर पहुंचे तो बहन की लाश मिली। ससुराल वाले फरार थे। शव देख परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सोनिया की हत्या की गई है। मामले में पति व ससुराल वालों के खिलाफ तहरीर दी है।
सिकंदरा के नगला रेवती की घटना
सिकंदरा के नगला रेवती निवासी 25 वर्षीय सोनिया की शादी चार वर्ष पहले रवि से हुई थी। मायका गांव झारौठी अछनेरा मे है।भाई चंद्रवीर ने पुलिस को बताया कि रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे छोटे भाई सूरज को फोन किया। कहाकि ससुराल वाले मारपीट कर रहे हैं आकर ले जाओ। सुबह करीब दस बजे वह ससुराल पहुंचे। सोनिया का शव फर्श पर मिला। पति और ससुराल वाले फरार थे। उसके गले पर फंदे का निशान था।
दस बार हो चुकी थी पंचायत
चंद्रवीर ने बताया उन्होंने शादी में बाइक दी थी, लेकिन पति कार मांग रहा था। बहन दसवीं पास थीं। पति रवि ने केंद्रीय पादुका प्रशिक्षण संस्थान से डिप्लोमा किया था। जिसके चलते वह सोनिया काे कम पढ़ा लिखा होने का ताना मारता था। उसका उत्पीड़न करते थे। एक दर्जन से अधिक बार पंचायत हो चुकी थी। आठ महीने पहले सोनिया के बेटी हुई। उसकी कुछ महीने बाद मृत्यु हो गई।