आगरा में किशोरी से दरिंंदगी, मृत समझ फेंका, पीड़िता ने युवक पर लगाया दुष्कर्म कर जान से मारने का आरोप
Updated : Sat, 11 Mar 2023 05:28 PM

सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को होली खेलने निकली 15 वर्षीय किशोरी दरिंदगी की शिकार हो गई। दुष्कर्म के बाद उसका गला घोंट दिया। मृत समझकर सिकंदरा क्षेत्र में यमुना से लगे जंगल में फेंक दिया गया। शुक्रवार की सुबह किशोरी सड़क से कुछ मीटर दूर जंगल में लहूलुहान हालत में पड़ी मिली। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। चेहरे पर नोचने और शरीर पर चोटों के निशान थे। पुलिस उपायुक्त समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।मामले में सिकंदरा थाने में अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म का अभियोग दर्ज किया गया है।
सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी ने दसवीं की परीक्षा दी है। वह गुरुवार की दोपहर करीब तीन बजे घर से होली खेलने की कहकर निकली थी।घर नहीं आई तो स्वजन को लगा कि गांव में रिश्तेदार के यहां चली गई होगी। शाम छह बजे तक वह नहीं लौटी तो स्वजन को चिंता हुई। उसे खोजना शुरु किया। अपने स्तर से तलाश करते रहे। सुराग नहीं मिला। स्वजन शुक्रवार की सुबह पुलिस के पास जाने की तैयारी कर रहे थे।
इधर, किशोरी को कुछ होश आया। वह कांटों के बीच घिसटती हुई किसी तरह जंगल से सड़क के पास तक पहुंची। वहां से गुजरते एक दूधिया ने किशोरी को लहूलुहान हालत में देखा। वह अर्धबेहोशी की हालत में थी। दूधिया ने किशोरी से काफी प्रयास के बाद उसके स्वजन का मोबाइल नंबर पूछा। उसने किशाेरी के भाई को फोन पर घटना की जानकारी दी।
तलाश में जुटे स्वजन मौके पर पहुंच गए। स्वजन का कहना है कि किशोरी के शरीर पर कपड़े नहीं थे। उससे मारपीट की गई थी। चेहरे को भी नोंचा गया था। उसी के दुपट्टे से गला घोंटा गया था। जिससे उसकी आंखों से खून आ गया था।शरीर पर जगह-जगह चोटों के निशान थे। अपने साथ हुई दरिंदगी के चलते वह कुछ देर बाद दोबारा बेहोश हो गई। स्वजन ने किशोरी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां दोपहर बाद किशाेरी को होश आया। उसने स्वजन को बताया कि उसे रास्ते में एक बाइक सवार मिला था। उसे घर तक छोड़ने की कहा। बाइक सवार ने जंगल के पास उसे पीने के लिए पानी दिया। जिसके बाद उसे होश नहीं रहा। पुलिस किशोरी का चिकित्सीय परीक्षण करा रही है। उसके सामान्य होने पर मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराएगी।
किशोरी का गला घोंटने का प्रयास किया गया था। मामले में अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म का अभियोग दर्ज किया गया है। विवेचना की जा रही है। किशोरी के सामान्य होने पर उससे जानकारी की जाएगी।