Mukhtar Ansari के मामले में तत्कालीन एसएसपी की हुई गवाही, केंद्रीय कारागार में अधिकारियों ने मारा था छापा
Updated : Wed, 01 Mar 2023 05:35 PM

मऊ के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के 24 वर्ष पुराने मामले में बुधवार को तत्कालीन एसएसपी सुबेश कुमार सिंह न्यायालय में पेश हुए। उन्होंने विशेष मजिस्ट्रेट एमपी/एमएलए अर्जुन के न्यायालय में गवाही दर्ज कराई। बचाव पक्ष के अधिवक्ता डा. रवि अरोड़ा ने तत्कालीन एसएसपी से दो घंटे अधिक जिरह की। न्यायालय ने मामले में अगली सुनवाई अब 22 मार्च को नियत की है।
घटना मई 1999 की है। केंद्रीय कारागार पर पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने छापा मारा था। मऊ के पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की बैरक से मोबाइल, बुलेटप्रूफ जैकेट आदि बरामद हुई थी। जगदीशपुरा थाने में तत्कालीन थानाध्यक्ष शिवशंकर शुक्ला की ओर से अभियोग दर्ज कराया था। अभियाेग में कुल 25 गवाह हैं। अब तक 16 लोगाें की गवाही हो चुकी है।
17वें गवाह के रूप में पेश हुए तत्कालीन एसएसपी
तत्कालीन एसएसपी सुबेश कुमार बुधवार को 17वें गवाह के रूप में पेश हुए थे। वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वह सुबह न्यायालय पहुंचे। बचाव पक्ष के अधिवक्ता द्वारा दो घंटे से अधिक चली जिरह के दौरान दर्जनों सवाल पूछे गए। जिसके बाद बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी हुई।