इंस्टाग्राम की रील हिट होने के लिए युवक ने किया खुदकुशी का ड्रामा, दरवाजे पर पुलिस देखकर छूट गए पसीने
Updated : Sun, 26 Feb 2023 05:24 PM

सोशल मीडिया पर शुक्रवार की रात को एक रील तेजी से प्रसारित हुई। यह रील इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई थी। जिसमें युवक मुट्ठी भरकर गोलियां खा रहा था। उसके पार्श्च में गाना कैसी है ये अनहोनी, हर आंख हुई नम, छोड़ गया तो कैसे जिएंगे हम बज रहा था। यह गाना बाहुबलि फिल्म का था।
खुदकुशी का वीडियो देखकर छानबीन की
मीडिया सेल ने खुदकुशी के वीडियो को देखा। छानबीन में पता चला कि युवक चित्राहाट का रहने वाला है। थाने की पुलिस आधी रात को युवक के दरवाजे पहुंच गई। युवक अपने घर पर सोता मिला। पुलिस ने पूछताछ की तो बताया कि लाइक और कमेंट पाने के लिए रील बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड की थी।
सर्विलांस सेल से पता की लोकेशन
पुलिस का सोशल मीडिया सेल सोशल मीडिया में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखता है। शुक्रवार की रात सेल के विकास चौधरी, आशीष कुमार और सचिन कुमार ने इंस्टाग्राम पर एक रील देखी। युवक को ढेर सारी गोलियां खाते देखा। पुलिस को लगा कि युवक ने खुदकुशी का प्रयास किया है। उसे समय रहते अस्पताल में भर्ती कराया जाए ताे बच सकता है। सर्विलांस सेल की मदद से लोकेशन का पता किया। चित्राहाट पुलिस को तत्काल सूचना दी।
दरवाजे पर पुलिस देखकर घबराया युवक
वह सूरज नगर निवासी अविनाश के घर पहुंच गई। दरवाजा खटखटाया तो आंखों को मलते हुए अविनाश ने खोला। पुलिस को सामने देख वह घबरा गया। पुलिस ने पूछा कि उसने क्या खाया था। अविनाश ने बताया कि उसने विटामिन की गोलियां खाई थीं। वह कमजोर है। गोलियां मोटा होने काे ली थीं। रील को इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। उसे लगा कि इससे लाइक और कमेंट मिल जाएंगे। पुलिस ने स्वजन से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पिता किसान हैं।