महिला चिकित्सक लापता, बहन को अंजान नंबर से किया फोन, प्रयागराज में मिली लोकेशन
Updated : Sun, 26 Feb 2023 05:22 PM

आगरा में शाहगंज की सोओडी कालोनी की रहने वाली 30 वर्षीय डाक्टर कनिका शुक्रवार शाम से लापता हैं। वह घर से कार से क्लीनिक जाने की कहकर निकली थीं। बड़ी बहन को अनजान नंबर से फोन किया। कहा कि कुछ देर में घर आएंगी। कई घंटे बाद भी नहीं आईं तो स्वजन ने खोजबीन शुरु की। पुलिस की जानकारी दी। उसने फास्टैग से कार की लोकेशन पता की। वह कानपुर और प्रयागराज हाईवे पर मिली।
स्त्री रोग विशेषज्ञ है डा. कनिका
सीओडी कालोनी निवासी कनिका स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। एमबीबीएस के बाद उन्होंने एमस की पढाई प्रयागराज से की है। वह छह भाई-बहन हैं। दो भाई व तीन बहनें डाक्टर हैं। पिता रामजीलाल चमड़ा कारोबारी हैं। बड़ी बहन डाक्टर त्रिशाला ने शुक्रवार की रात शाहगंज थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि डा. कनिका शुक्रवार शाम करीब सात बजे अपनी कार से निकली थीं। डाक्टर कनिका ने रात 9:30 बजे उन्हें अपरिचित नंबर से फोन किया।कहा कि उनके मोबाइल की बैटरी खत्म हो गई है। उन्हें घर पहुंचने में कुछ देर हो जाएगी। दो घंटे बाद वह नहीं आईं। मोबाइल बंद हो चुका था। पुलिस आयुक्त डा. प्रीतिंदर सिंह ने चिकित्सक के गायब होने को गंभीरता से लिया। एसओजी को भी तलाश में लगाया है।
मथुरा के युवक का निकला नंबर
डा. कनिका ने जिस नंबर से फोन किया। पुलिस ने उस पर संपर्क किया। वह मथुरा के एक युवक का निकला। युवक ने पुलिस को बताया कि अस्पताल के बाहर एक युवती मिली थीं। उससे अपने मोबाइल की बैटरी खत्म होने की कहा। स्वजन को फोन करने के लिए उनका मोबाइल मांगा। युवती पढ़ी लिखी और सभ्य दिखाई दे रही थीं। इसलिए उसने अपना मोबाइल उन्हें दे दिया। इससे अधिक उसे कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि डाक्टर कनिका रात 9:30 बजे मथुरा में थीं। उनका मोबाइल 24 घंटे बाद भी नहीं खुला है। पुलिस ने फास्टैग से कार की लोकेशन पता की। कार कानपुर तक गई थी। वहां से प्रयागराज हाईवे की गई। एसओजी और स्वजन भी वहां रवाना हो गए हैं।