• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


बरात जाने से पहले दूल्हे की स्कार्पियो पर फायरिंग, भरे बाजार में तमंचा लहराते फरार हुए हमलावर

Updated : Wed, 22 Feb 2023 12:09 PM

आगरा में सदर के उखर्रा में बुधवार को दूल्हे की गाड़ी पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। गनीमत ये रही कि दूल्हा कुछ मिनट पहले ही स्कार्पियो को खड़ी करके दोस्त के साथ पास के सैलून में गया था। घटना से व्यस्त रोड पर अफरातफरी मच गई। हमलावर तमंचे लहराते हुए भाग निकले। अनुमान है कि हमलावरों ने रंजिश में गोलियां चलाई होंगी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

बाइक सवार हमलावरों ने चलाईं गोलियां

घटना बुधवार दोपहर तीन बजे की है। सदर इलाके के रहने वाले राहुल की बुधवार को बरात जानी है। वह अपने दोस्त जितेंद्र के साथ स्कार्पियो से आया था। उसे उखर्रा रोड पर खड़ा करके सामने सैलून में चला गया। बताया जाता है इसी दाैरान बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे। उन्होंने स्कार्पियो को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया।

गोलियां चलने से मच गई खलबली

दिनदहाड़े गोलियां चलाने से आसपास के लोगों में अफरातफरी और दहशत फैल गई। बाइक सवार हमलावर तमंचे लहरा रहे थे। जिसके चलते किसी ने उन्हें पकड़ने का प्रयास नहीं किया। वह आसानी से भाग निकले। लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दे दी। थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया।