Harsh Firing में दुल्हन के मौसा की मौत, भांजी के फेरों में उजड़ा मौसी का सुहाग
Updated : Wed, 22 Feb 2023 12:07 PM

आगरा में सदर के बड़ा उखर्रा में हर्ष फायरिंग में सोमवार की रात को दुल्हन के मौसा की मौत हो गई थी। गोली बंदूक को लोड करते समय चली थी। जो दूल्हे के पास खड़े दुल्हन के मौसा को लगी थी। आरोपित राजीव सिक्योरिटी गार्ड है। वह पूर्व पीएसी जवान का पुत्र भी है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे जेल भेज दिया।
हर्ष फायरिंग के बाद फरार था आरोपित
सदर के बड़ा उखर्रा निवासी राम प्रकाश ओझा के पुत्र प्रिंस की सोमवार की रात को लग्न समारोह चल रहा था। इस दौरान हर्ष फायरिंग में लड़की के सगे मौसा 33 वर्षीय सुभाष की गोली लगने से मौत हो गई थी। राम प्रकाश ने बताया कि आरोपित राजीव उर्फ राहुल पूर्व में सिक्योरिटी गार्ड था। वर्तमान में उसने चाकलेट की एजेंसी ली हुई है। वह प्रेम नगर राजपुर चुंगी सदर का रहने वाला है। राजीव के पिता सेवानिवृत्त पीएसी जवान थे।
पारिवारिक संबंध थे
उनकी मौत के बाद बंदूक का लाइसेंस राजीव ने अपने नाम स्थानांतरित करा लिया था। आठ वर्ष पहले वह राजीव के यहां किराए पर रहते थे। परिवार की दो शादियों उसके घर से की थी। जिसके चलते राजीव के माता-पिता से उनके परिवारिक संबंध थे। जिसके चलते उसे बुलाया था। वह अपनी मां के साथ आया था। बंदूक भी लाया था।
पुलिस की छानबीन में सामने आया कि आरोपित राजीव बंदूक को लोड कर रहा था। उसने बंदूक का रूख आसमान की ओर करने से पहले ही ट्रिगर दबा दिया। बंदूक से निकली गोली प्रिंस के पास खड़े सुभाष को लगी। उनके फेफडों में जाकर फंस गई थी। स्वजन अस्पताल लेकर गए, डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपित से एक खोखा और चार जिंदा करतूस बरामद किए हैं।
सीसीटीवी कैमरे में मिली फुटेज
राम प्रकाश ओझा ने अपने घर में सीसीटीवी कैमरा लगा रखा है। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिली है। जिसमें आरोपित राजीव बंदूक लोड करते दिखाई दे रहा है। इस दौरान अचानक गोली चल जाती है। जो सुभाष को लग जाती है।