लग्न समारोह में हर्ष फायरिंग से दुल्हन के मौसा को लगी गोली
Updated : Tue, 21 Feb 2023 06:12 AM

आगरा में सदर के बड़ा उखर्रा में सोमवार देर रात लग्न सगाई के कार्यक्रम में आए युवक ने लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग कर दी। इसमें दुल्हन के मौसा के गोली लग गई। घायल अवस्था में उन्हें हास्पिटल लेकर गए। वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। आरोपित बंदूक लेकर फरार हो गया।
लग्न सगाई करने पहुंचे थे लड़की वाले
सदर क्षेत्र के बड़ा उखर्रा में रामप्रकाश ओझा के बेटे प्रिंस की सोमवार को लग्न सगाई का कार्यक्रम था। शमसाबाद रोड स्थित कहरई से लड़की वाले लग्न सगाई करने पहुंचे थे। रात एक बजे लड़की वाले दावत खा रहे थे। सिक्योरिटी गार्ड राजीव शर्मा उर्फ राहुल लड़के वालों की ओर से दावत खाने पहुंचा था। उसने रात एक बजे अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर किया। इसी बीच बंदूक नीचे की ओर हो गई और दावत खा रहे डौकी के कांच का नगला निवासी 35 वर्षीय सुभाष के गोली लग गई।
गोली लगने से मच गई भगदड़
गोली लगने के बाद भगदड़ मच गई। राजीव शर्मा बंदूक लेकर वहां से भाग गया। सुभाष दुल्हन के मौसा हैं। उनके गोली लगने के बाद स्वजन उन्हें लेकर एसएन मेडिकल कालेज पहुंचे और पुलिस को सूचना दे दी। वहां पहुंचने से पहले ही सुभाष की मृत्यु हो गई। डीसीपी सिटी विकास कुमार, एसीपी अर्चना सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं। आरोपित की गिरफ्तारी को देर रात तक पुलिस टीम दबिश दे रही थी।