• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


Agra Police ने 30 घंटे में खोजी किशोरी, वैलेंटाइन डे पर नाराज होकर गई थी, वाट्सऐप पर लगाई डीपी से पहुंची टीम

Updated : Sun, 19 Feb 2023 06:49 AM

वैलेंटाइन डे पर किशोरी घर से नाराज होकर चली गई। उसने मुंबई की राह पकड़ ली। बीच में ट्रेन बदल दीं। उसने वाट्सएप स्टेटस पर अपनी एक फोटो डाली। जिसकी मदद से पुलिस ने 30 घंटे में खोज निकाला। महाराष्ट्र के अमरावती से रेलवे पुलिस की मदद से ट्रेन से बरामद कर लिया। शनिवार को आगरा लेकर आई। उसकी चिकित्सीय जांच और बयान दर्ज कराए।

घर में विवाद के बाद पिता ने डांटा था

घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र की है। स्वजन से 14 वर्षीय किशोरी का किसी बात पर विवाद हो गया।पिता ने डांट दिया। वह नाराज हो गई। घर से 14 फरवरी को निकल गई। परिवार के लोगों ने खोजबीन की। सुराग नहीं लगने पर सिकंदरा थाने पहुंचे। किशोरी के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा आनंद कुमार शाही ने बताया कि किशाेरी की बरामदगी के लिए उप निरीक्षक गौरव कुमार सर्विलांस टीम को लगाया गया। पुलिस ने किशोरी का मोबाइल नंबर लिया। फेसबुक और वाट्सएप पर उसका स्टेटस चेक किया।मोबाइल की लोकेशन निकाली। वह कैंट रेलवे स्टेशन आई। जिससे अनुमान लगाया कि वह आगरा से बाहर गई है। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि वह गोंडवाना एक्सप्रेस में बैठी थी।

सोशल मीडिया एकाउंट पर रखे थी पुलिस नजर

पुलिस किशोरी के इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर लगातार नजर रख रही थी। इस बीच किशोरी ने वाट्सएेप स्टेटस पर अपनी एक फोटो डाली। फोटो के पीछे एक रेलवे स्टेशन का नाम लिखा था। नाम अस्पष्ट था। जिसके चलते साइबर और सर्विलांस विशेषज्ञों की मदद ली। रेलवे स्टेशन का नाम बड़नेरा था। जो अमरावती जिले में आता है। नागपुर रेल मंडल में पड़ता है।