• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


दम घुटने से हुई थी कस्टम अधिकारी की मां की मौत, पोस्टमार्टम में फेफड़ों में मिला कार्बन

Updated : Wed, 15 Feb 2023 05:32 PM

आगरा में सिकंदरा के भावना एस्टेट स्थित द्वारिका कुंज कालोनी में कस्टम अधिकारी की 61 वर्षीय मां राजरानी की मृत्यु दम घुटने से हुई थी। कमरे में आग भड़की, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। पोस्टमार्टम में उनके पेट और फेफड़ों में कार्बन मिली है। जिससे दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। मंगलवार की शाम को स्वजन ने शव का अंतिम संस्कार पैतृक गांव लालगढ़ी सादाबाद में किया।

कस्टम विभाग में हैं अधिकारी

मूलरूप से सादाबाद के गांव लालगढ़ी निवासी कृष्णदत्त गौतम, खाद्य एवं रसद विभाग से सेवानिवृत्त थे। उन्होंने चार वर्ष पहले ही द्वारिका कुंज कालोनी में मकान बनवाया था। यहां पर पत्नी राजरानी के साथ रहते थे। दंपती के बड़े पुत्र सचिन कस्टम विभाग में अधिकारी हैं। छोटे पुत्र पुनीत साफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वर्तमान में लंदन में रहते हैं। विवाहित पुत्री अन्नू उर्फ अनुपम कमला नगर में रहती हैं।

नौकरानी के आने पर नहीं खुला था गेट

सोमवार की शाम को राजरानी के घर के सामने रहने वाली नीरू ने उनकी पुत्री अनुपम को फोन किया था। नौकरानी सीमा के आवाज देने पर भी घर का गेट नहीं खुलने की जानकारी दी थी। पुत्री के पहुंचने पर काफी आवाज देने पर गेट नहीं खुला। उसने खिड़की का शीशा तोड़ा तो अंदर से धुंए के साथ अाग की लपटें निकलने लगीं। फायर ब्रिगेड ने आग को बुझाया। पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची। कमरे में बेड पर राजरानी का जला हुआ शव मिला।

एसी के साकेट में हुआ शार्ट सर्किट

एसी के साकेट में शार्ट सर्किट हुआ था। जिसके चलते वह जल गया था। दीवार पर लगा एसी फर्श पर गिरा हुआ था।सहायक पुलिस आयुक्त मयंक तिवारी ने बताया कि राजरानी अस्थमा और अवसाद की शिकार थीं। स्वजन से जानकारी मिली कि दवा खाने के बाद उन्हें नींद आ जाती थी। पुलिस का अनुमान था कि राजरानी की मृत्यु दम घुटने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मृत्यु का पुष्टि हुई है। इसी कारण आग लगने के बाद राजरानी ने अपना बचाव नहीं कर सकी थीं।

कुत्ता गोलू भी झुलसा

मकान में जिस समय आग लगी। पालतू कुत्ता गोलू अंदर रस्सी से बंधा हुआ था। बताते हैं कि आग लगने के बाद वह काफी देर तक भौंका। मगर, खिड़कियों के शीशे बंद होने के चलते उसकी आवाज बाहर तक नहीं आ सकी। वह अपनी रस्सी तोड़ कर छत पर भाग गया। वहां से भौंकना शुरू किया। उसे दमकल कर्मियों ने बाहर निकाला था। आग की चपेट में आकर उसकी भी पीठ का कुछ हिस्सा जल गया है।