बंद मकान में जिंदा जली महिला, अस्थमा की मरीज थीं राजरानी अवसाद से ग्रसित भी
Updated : Tue, 14 Feb 2023 04:54 PM

आग लगने पर राजरानी ने खुद को बचाने का प्रयास नहीं किया। यह सवाल सबके मन में था। कृष्ण दत्त गौतम ने पुलिस को बताया कि राजरानी अस्थमा की मरीज थीं। लंबे समय से अवसाद का शिकार थीं। उनके सादाबाद जाने के बाद वह सो जाती थीं। वह अक्सर उनके घर लौटने पर ही उठती थीं। बीच-बीच में पुत्री अनुपम उन्हें फोन कर लेती थी।
दम घुटने से हुई होंगी बेहोश
शाम को भी गेट नहीं खुला तो नौकरानी सीमा ने इसकी जानकारी सामने रहने वाली नीरू को दी। नीरू ने अनुपम को फोन किया था। स्वजन ने पुलिस को बताया कि अनुमान है राजरानी के सोते समय शार्ट सर्किट के चलते कमरे में धुंआ भर गया होगा। दम घुटने पर वह बेहोश हो गई होंगी। फायर ब्रिगेड ने जिस समय कमरे का दरवाजा तोड़ा, धुंए के चलते करीब दस मिनट तक वह अंदर नहीं जा सकी थीं।
जिंदा जल गईं वृद्धा
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित द्वारिका कुंज कालोनी में सोमवार को एक मकान में वृद्धा जिंदा जल गईं। मकान से लपटें उठती देख जब तक दमकल आई, आग बुझाई, वृद्धा की मृत्यु हो चुकी थी। वृद्धा घर में अकेली थीं। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। घटना सोमवार की शाम करीब छह बजे की है। द्वारिका कुंज कालोनी में कृष्ण दत्त गौतम का मकान है। वह खाद्य एवं रसद विभाग से सेवानिवृत्त हैं। मूलरूप से सादाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं। चार वर्ष पहले ही उन्होंने ये मकान बनवाया है। यहां पर पत्नी राजरानी (61 वर्ष) के साथ रहते हैं। बड़ा पुत्र सचिन दिल्ली में कस्टम विभाग में है। छोटा पुत्र पुनीत लंदन में साफ्टवेयर इंजीनियर है। पुत्री अन्नू उर्फ अनुपम कमला नगर में रहती हैं। वह शिक्षिका हैं।