• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


जल्द आने वाला है E20 Petrol, इन राज्यों से होगी शुरुआत; पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया प्लान

Updated : Sat, 24 Dec 2022 12:26 AM

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को कहा कि 10 प्रतिशत एथेनॉल युक्त पेट्रोल बेचने का लक्ष्य हासिल करने के बाद भारत अगले कुछ ही दिनों में 20 प्रतिशत जैवईंधन मिश्रित पेट्रोल की आपूर्ति शुरू करेगा। हालांकि यह अभी प्रायोगिक दौर में होगा।

इंडिया एनर्जी वीक 2023 के पहले जन जागरूकता कार्यक्रम 'डांस टू डीकार्बोनाइज' में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने जून में 10 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (पेट्रोल 90 प्रतिशत, एथेनॉल 10 प्रतिशत) बेचने का लक्ष्य हासिल किया है, जबकि इसकी समय सीमा नवंबर 2022 थी।

पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि 'E20 (20 फीसदी एथेनॉल मिला हुआ पेट्रोल) पायलट आधार पर एक या दो दिन में चुनिंदा बाजारों में आएगा।' अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए आयातित तेल पर भारत की निर्भरता को कम करने के लिए गन्ने के साथ-साथ कृषि अपशिष्ट से निकाले गए एथेनॉल को पेट्रोल में मिलाया जा रहा है। इसके अलावा, एथेनॉल में जीवाश्म ईंधन की तुलना में कम कार्बन होता है। इससे देश को अपने कार्बन कटौती के लक्ष्यों को पूरा करने में मदद मिलती है।

E20 को दिल्ली, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, दमन दीव और दादरा और नगर हवेली के 11 राज्यों/संघ शासित प्रदेशों में शुरू किया जा रहा है। हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि E20 के लिए प्रारंभिक लक्ष्य 1 अप्रैल, 2023 था, लेकिन हमने इसे आगे बढ़ाया है। पहले चरण में तहत पंद्रह शहरों को कवर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 तक पूरे देश में एथेनॉल युक्त पेट्रोल की बिक्री शुरू कर दी जाएगी।