• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


16 से मांगलिक कार्यों पर लग जाएगी रोक, ब्रज में है विशेष महत्व

Updated : Wed, 14 Dec 2022 10:37 AM

16 दिसंबर से खरमास लगने के साथ ही सभी मांगलिक कार्यों पर रोक लग जाएगी। 14 जनवरी 2023 को सूर्य रात 8.57 बजे मकर राशि में प्रवेश करेंगे, जिसके बाद 15 जनवरी 2023 को मकर संक्रांति पर्व मनाया जाएगा और मांगलिक कार्यों पर लगी रोक भी हट जाएगी।

खरमास में नहीं होते मांगलिक कार्य

पं. चंद्रेश कौशिक ने बताया कि जब सूर्य देव बृहस्पति राशि में प्रवेश करते हैं, तब कोई भी मांगलिक कार्य करना निषेध माना जाता है। खरमास वर्ष में दो बार लगता है, पहला खरमास तब लगता है जब सूर्य धनु राशि में प्रवेश करते हैं और दूसरा खरमास तब लगता है, जब सूर्य मीन राशि में परिवर्तन करते हैं। धनु और मीन दोनों ही राशियां देवगुरु बृहस्पति की राशियां हैं।

खरमास के समय कुछ कार्य पूर्ण रूप से वर्जित बताए गए हैं, जिन्हें इस दौरान नहीं करना चाहिए। इनमें कोई मांगलिक कार्य नहीं करना चाहिए। गृह निर्माण कार्य की शुरूआत नहीं करानी चाहिए और नए व्यवसाय की शुरूआत करने से भी बचना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि सूर्य जब धनु राशि में प्रवेश करते हैं, तो उसकी ऊर्जा कम हो जाती है। इसे सूर्य का मलिन होना भी कहते हैं। सूर्य जब तक मलिन अवस्था में रहते हैं, तो वह धनु राशि में विद्यमान रहते हैं इसलिए तब तक शुभ संस्कार करना शुभ नहीं माना जाता।