विधानसभा ही नहीं निकाय चुनाव की तैयारियों में भी जुटी भाजपा, यूपी के अलावा कर्नाटक और त्रिपुरा पर भी मंथन
Updated : Tue, 13 Dec 2022 04:46 PM

गुजरात की ऐतिहासिक जीत और हिमाचल की फिसलन को पीछे छोड़ भाजपा कर्नाटक और त्रिपुरा विधानसभा तथा उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत दो अन्य राज्यों के प्रभारियों और टीमों के साथ अलग अलग चर्चा कर अपनी अपेक्षाएं सामने रख दी। हर राज्य को टास्क दे दिया गया है और ताकीद किया गया है कि तैयारियों में कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
अगले साल नौ राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं। अगले दो तीन महीनों में ही उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव भी है। भाजपा किसी भी स्तर पर तार ढीला नहीं छोड़ना चाहती है। सुबह उन्होंने सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी और अन्य नेताओं के साथ प्रदेश पर चर्चा की। हाल ही में भाजपा रामपुर विधानसभा उपचुनाव जीती है लेकिन खतौली और मैनपुरी लोकसभा सपा के खाते में गया। उसकी समीक्षा के साथ ही नड्डा ने निकाय चुनाव को पूरी तैयारी के साथ लड़ने का निर्देश दिया।