आम जनता पर पड़ रहा कर्मियों की हड़ताल का असर, 12 घंटे से 75 गांव की बिजली गुल
Updated : Fri, 02 Dec 2022 12:50 PM

पावर कारपोरेशन की नीतियों के खिलाफ अधिकारियों और कर्मचारियों की हड़ताल का असर उपभोक्ताओं पर पड़ने लगा है। जलालपुर के 132 केवी वाजिदपुर पावर हाउस से 33 केवी की लाइन मालीपुर उपकेंद्र को दी गई है। शुक्रवार भोर चार बजे मुख्यलाइन पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने से देवसरा, भदोही तथा मालीपुर फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। शटडाउन लेने वाले अधिकारी धरने पर बैठे थे। इससे बीते 12 घंटे से 75 गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। सबसे ज्यादा परेशानी किसानों को खेतों की सिंचाई में हुई है।
बिजली कटने से कुटीर उद्योग प्रभावित है। मालीपुर, रूधौली माफी, कुलहियापट्टी में बिजली से संचालित आटा चक्की पर लोग गेंहू पिसाने को कई घंटे से खड़े रहे। जब उनको हड़ताल की जानकारी हुई तो सभी मायूस होकर घरों को लौट गए।