एक और मुसीबत! दिल्ली कूच की तैयारी में नोएडा के भी किसान, बातचीत विफल होने पर लिया फैसला
Updated : Wed, 21 Feb 2024 02:26 AM
प्राधिकरण और किसानों के बीच करीब तीन घंटे चली लेकिन कोई भी परिणाम नहीं निकल सका। किसानों ने कहा कि अधिकारियों से कहा कि आपने हाई पावर कमेटी बनाने के लिए आपने समय मांगा था। किसानों ने जिलाधिकारी से कहा कि 23 फरवरी से पहले यह कमेटी बना दी जाएं किसानों के समाधान कर दिए जाएं। अन्यथा दिल्ली दूर नहीं है।
23 फरवरी को किसानों की दिल्ली कूच की तैयारी है। इसको लेकर नोएडा के अधिकांश किसान संगठन एक मंच पर आ गए है। किसान संयुक्त मोर्चा के बैनर तले यह आंदोलन किया जा रहा है। इससे पहले मंगलवार को किसानों को मनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ लोकेश एम व जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी संजय खत्री की अगुआई में एक बैठक की गई।
दिल्ली कूच ही विकल्प- किसान
यह बैठक करीब तीन घंटे चली, लेकिन कोई भी परिणाम नहीं निकल सका। किसानों ने कहा कि अधिकारियों से कहा कि आपने हाई पावर कमेटी बनाने के लिए आपने समय मांगा था। हमने दिया। अब तक हाई पावर कमेटी नहीं बनी और न ही लिखित में आश्वासन दिया जा रहा है। ऐसे में दिल्ली कूच ही हमारे पास विकल्प बचा है। इसके लिए भारतीय किसान परिषद ने 81 गांवों में जन जागरण अभियान चलाया।
दिल्ली चलने का नारा किया बुलंद
उन्होंने गांवों में जाकर अपना हक लेने की बात कही। दिल्ली चलने के नारे को बुलंद किया। भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने बताया कि अधिकारियों को बताया गया कि उनकी जमीन का अधिग्रहण 15-20 वर्ष पहले हो चुका है। प्राधिकरण कब्जा ले चुका है, लेकिन आज तक भी उसके सापेक्ष मूल प्लाट नहीं मिले हैं। कुछ किसान उच्चतम न्यायालय से 10 परसेंट के प्लाट के केस जीत चुके हैं, उनको भी प्लाट नहीं मिला है।