• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


रालोद से गठबंधन पर भाजपा नेता की बड़ी प्रतिक्रिया, बोले- 'राजनीति संभावनाओं का खेल

Updated : Wed, 07 Feb 2024 05:32 PM

राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की भाजपा से बढ़ती नजदीकी और गठबंधन की चर्चा के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने पार्टी की प्रदेश इकाई की स्थिति को साफ किया है।

बुधवार को प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में भूपेन्द्र चौधरी ने स्पष्ट किया कि एनडीए का हिस्सा कौन दल बनेगा, यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करता है। पार्टी का जो भी निर्णय होगा, हम उसे पूरे जोश-खरोश के साथ स्वीकार करेंगे। सबका स्वागत, सबका अभिनंदन करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति संभावनाओं वाला खेल है, देखिए आगे होता है क्या।

भूपेन्द्र चौधरी ने विपक्षी गठबंधन पर भी तंज कसा। कहा, अभी चुनाव की अधिसूचना भी जारी नहीं हुई और आइएनडीआइए गठबंधन का आपसी द्वंद्व और टकराव की किस स्थिति में पहुंच गया है। बंगाल, बिहार की क्या स्थिति है। पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी साथ चलने को तैयार नहीं है। दिल्ली की स्थिति यही है। यह बेमेल और स्वार्थी लोगों का गठबंधन है, प्रदेश व देश की जनता सब जानती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज बहुत बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधि भाजपा के साथ जुड़े हैं। लगभग दस हजार के आसपास उनके समर्थक भी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा के विकास के एजेंडे के साथ जुड़े हैं। हम सब लोगों ने संकल्प लिया है कि पार्टी की अपेक्षा के अनुरूप इस बार उत्तर प्रदेश से सभी सीटें जीतने का काम करेंगे।