क्रिकेटर दीपक चाहर के पिता को ब्रेन स्ट्रोक, हालात गंभीर
Updated : Tue, 05 Dec 2023 03:56 AM

क्रिकेटर दीपक चाहर के पिता लोकेंद्र सिंह चाहर को ब्रेन स्ट्रोक आया। उन्हें रामघाट रोड स्थित मिथराज हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। दीपक उनकी देखभाल में लगे हैं।
पिता की तबीयत खराब होने की खबर मिलते ही दीपक को भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेली गई पांच दिवसीय टी-20 क्रिकेट श्रंखला के रविवार को खेले गए अंतिम मुकाबले को छोड़कर आना पड़ा है।
शादी समारोह में शामिल होने अलीगढ़ गए थे
आगरा के रहने वाले क्रिकेटर दीपक के चाचा देशराज ने बताया कि लोकेंद्र सिंह शनिवार को शादी समारोह में शामिल होने अलीगढ़ गए थे। उसी शाम उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आ गया। पिता की तबीयत खराब होने पर दीपक मैच छोड़कर बेंगलुरु से सीधे अलीगढ़ आए। दीपक तभी से पिता की देखभाल में लगे हैं। पिता की सेहत को लेकर चिंतित हैं।
हास्पिटल के चेयरमैन डा. राजेंद्र वार्ष्णेय के अनुसार 54 वर्षीय लोकेंद्र सिंह चाहर की रास्ते में ही तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई थी। अलीगढ़ में प्रवेश करते ही परेशानी और बढ़ गई, उन्हें तुरंत मिथराज हास्पिटल में भर्ती किया गया। उनकी सभी जांच हुईं।
वह डायबिटिक व हाइपर टेंशन के मरीज हैं। उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया। पेशाब में संक्रमण है। तत्काल आइसीयू में लेकर उपचार किया गया। कुछ सुधार है, मगर स्थिति अभी चिंताजनक है। वह खुद उनकी सेहत पर नजर रखे हैं, जरूरत हुई तो रेफर भी करेंगे।