• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


Mohan Bhagwat In Mathura: देश को मिलेगा पहला गौ विज्ञान एवं अनुसंधान केंद्र, संघ प्रमुख एशिया के सबसे बड़े अस्पताल का करेंगे लोकार्पण

Updated : Tue, 28 Nov 2023 03:11 AM

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक मोहन भागवत सोमवार को शाम करीब सात बजे दीनदयाल धाम पहुंच गए। वे दीनदयाल गो विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण करेंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ साध्वी ऋतंभरा भी रहेंगी मौजूद। करीब 50 हजार स्वयंसेवक जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। पशु चिकित्सालय व छात्रावास का करेंगे शिलान्यास।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत मंगलवार को परखम में दीनदयाल गो विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र का लोकार्पण करेंगे। वह यहां आयुर्वेद पर आधारित देश के पहले पशु चिकित्सालय और छात्रावास का शिलान्यास भी करेंगे। दो सौ करोड़ की लागत से बनने इस प्रकल्प में विश्वस्तरीय शोध कार्य होंगे। कार्यक्रम में संघ के पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्र के 17 जिलों से करीब पचास हजार स्वयंसेवक जुटाने का लक्ष्य है।

दीनदयाल धाम से करीब छह किमी दूर स्थित परखम गांव में 100 एकड़ में ये परियोजना संचालित होगी। करीब 70 एकड़ भूमि इसके लिए ले ली गई है। 200 करोड़ की लागत से बनने वाले इस केंद्र में गोवंशी की नस्ल सुधार का काम होगा। इसके अलावा गोबर और गोमूत्र को लेकर विश्वस्तरीय शोध कार्य किए जाएंगे। यहां बनने वाले बलभद्र व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान में कृषि, बागवानी का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। यहां देश का पहला आयुर्वेद आधारित पशु चिकित्सालय भी बनेगा।

दीनदयाल कामधेनु गोशाला समिति गो संवर्धन की दिशा में ये बड़ा काम करने जा रही है। मंगलवार को दोपहर दो बजे मोहन भागवत यहां लोकार्पण करेंगे और स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में साध्वी ऋतंभरा और हंस फाउंडेशन की मंगला माता भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य शंकरलाल की उपस्थिति भी रहेगी। मंगलवार को यहां भव्य पंडाल बनाया गया है।