Adipurush Controversy: 'फिल्म को पास कर देना एक ब्लंडर है', इलाहाबाद HC ने आदिपुरुष के मेकर्स को फिर लताड़ा
Updated : Wed, 28 Jun 2023 05:20 PM

विवादित फिल्म 'आदिपुरुष' पर प्रतिबंध लगाने की मांग वाली याचिकाओं पर बुधवार को भी इलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने कड़ी मौखिक टिप्पणियां कीं। कहा कि यह तो रामायण पर बनी फिल्म है, कहीं कुरान पर डाक्युमेंट्री बना दी होती तो कानून-व्यवस्था के लिए संकट खड़ा हो जाता। कोर्ट ने कहा कि फिल्म निर्माता रामायण, कुरान या बाइबल पर ऐसी विवादित फिल्में बनाते ही क्यों हैं, जो लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं। क्या यह रुकना नहीं चाहिए। कोर्ट का कहना था कि फिल्म किसी की धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली नहीं होनी चाहिए।
धार्मिक पुस्तकों पर बनी फिल्मों को पास करने के लिए गाइडलाइंस बनाने की जरूरत की ओर इशारा करते हुए कोर्ट ने कहा कि सेंसर बोर्ड को बुद्धि आनी चाहिए और आम कहानियों पर बनी फिल्मों की अपेक्षा जब वे धर्म विशेष से जुड़ी फिल्में पास करें तो लोगों की भावनाओं का भी ख्याल रखें। याचिकाओं पर अवकाशकालीन पीठ ने हिंदू धर्म की सहिष्णुता का संदर्भ रखते हुए फिल्म निर्माताओं को चेताया कि कुरान पर एक बार कोई छोटी सी विवादित डाक्युमेंट्री फिल्म ही बनाइए, फिर देखिए कि कानून-व्यवस्था का क्या होता है। कोर्ट ने कहा कि वह किसी धर्म विशेष के लिए नहीं खड़ी है, बल्कि धार्मिक विषयों पर 'आदिपुरुष' जैसी कोई अन्य फिल्म बनती तो भी कोर्ट का यही रुख होता।