• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


औरंगजेब के वंशज कोलकाता में चला रहे रिक्शा, बोले सीएम योगी- संस्कृति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

Updated : Sun, 25 Jun 2023 03:40 PM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लव जिहाद को भारतीय संस्कृति पर सुनियोजित हमला करार देते हुए इससे बचने के लिए आगाह किया। उन्होंने कहा कि आन लाइन गेमिंग के जरिए स्कूली बच्चों का मतांतरण कराया जा रहा है।

मूक बधिर बच्चों का मतांतरण कराने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया था। यह घटनाएं केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि समूचे देश में हो रही हैं। दिल्ली मुंबई की घटनाएं इसका ज्वलंत उदाहरण हैं। ऐसे लोग सुनियोजित तरीके से बच्चों के जरिये परिवार में बना रहे हैं।

कई तरीकों से संस्कृति पर हो रहे हमले

डिजिटल क्रांति के युग में तकनीकी, सोशल मीडिया समेत अन्य कई माध्यमों से संस्कृति पर हमले हो रहे हैं। इससे बचने के लिए जागरूक होना होगा।

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में सेव कल्चर सेव इंडिया फाउंडेशन के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून को अपने हाथों में न लें। अगर कानून को अपने हाथ में लेंगे तो यह ऐसे लोगों की मदद करना होगा। इससे उन्हें बचाव का रास्ता मिलेगा।

डिजिटल युग लाभकारी होने के साथ खतरनाक भी

मुख्यमंत्री ने युवाओं को आगाह करते हुए कहा कि डिजिटल युग जितना लाभकारी है उतना ही खतरनाक भी है। युवा प्रतिदिन में औसतन छह से आठ घंटे स्मार्ट फोन पर खर्च करते हैं।

अगर इस समय का उपयोग व सकारात्मक सोच, अपने ज्ञान को बढ़ाने के लिए करते हैं तो ठीक है, लेकिन जो युवा इस समय का सदुपयोग नहीं कर रहे हैं, यह समाज, देश के साथ अन्याय है। उन्हें सोचना होगा की ऊर्जा कैसे खर्च करनी है। राष्ट्र निर्माण एवं समाज के प्रति दायित्व का निर्वाहन करना होगा।

नहीं किया जाएगा बर्दाश्त

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संस्कृत और संस्कृति भारत की पहचान है। भारत अपनी संस्कृति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं कर सकता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर समाज में कुछ भी नहीं परोसा जा सकता है। उसके भी कुछ नियम और कायदे हैं।

मुगल तब तक देश में शासन करते रहे, जब तक उन्होंने मंदिरों पर हमला नहीं किया, जब उन्होंने मंदिरों पर हमला करना शुरू किया तो उनका पतन होना शुरू हो गया। सुनने में आता है कि औरंगजेब के वंशज कोलकाता में रिक्शा चला रहे हैं।