• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


Padma Vibhushan Award: मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत मिला पद्म विभूषण, राष्ट्रपति ने अखिलेश यादव को सौंपा

Updated : Wed, 05 Apr 2023 05:07 PM

समाजवादी पार्टी के माननीय नेता रहे मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पद्म विभूषण से नवाजा है। यह अवार्ड उनके बेटे उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ग्रहण किया। बता दें बुधवार को राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया था।

राजनीति में ‘नेता जी’ के नाम से विख्यात मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। मुलायम सिंह ने ही समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। पिछले साल 10 अक्टूबर को मुलायम सिंह का 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। मुलायम सिंह यादव भारत के रक्षा मंत्री और लंबे समय तक सांसद भी रहे थे। वे उत्तर प्रदेश विधानसभा में 10 बार विधायक और 9 बार लोकसभा में सांसद रह चुके हैं।

देश के दूसरे सर्वश्रेष्ठ नागरिक को सम्मान के रूप में पद्म विभूषण से नवाजा जाता है। केंद्र सरकार ने इसी साल गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में ही मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने की घोषणा की थी।

मुलायम सिंह यादव का परिचय

मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवम्बर 1939 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के गांव सैफई में हुआ था। उन्होंने शिक्षक के रूप में समाज की सेवा करते राजनीति में एंट्री की और समाजवादी पार्टी की स्थापना की। उन्होंने आगरा विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में एमए की डिग्री ली थी और प्रवक्ता में नौकरी हासिल की। हालांकि, राजनीतिक सक्रियता बढ़ने पर उन्होंने शिक्षण कार्य छोड़ दिया।

समाजवाद की विचारधारा को वरीयता देते हुए उन्होंने पिछड़े वर्ग के सामाजिक स्तर को ऊपर उठाया। इसी विचारधारा को जारी रखते हुए उन्होंने साल 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। मुलायम सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में तीन कार्यकाल बिताया। उनकी पहचान एक धर्मनिरपेक्ष नेता के रूप में है। मुलायम सिंह यादव की निधन बीते साल ही लंबी बीमारी के कारण 10 अक्टूबर 2022 को मेदांता अस्पताल गुरुग्राम में हुआ था।