• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


किसानों के लिए खुशखबरी: बारिश और ओलावृष्टि से खराब फसल को खरीदेगी सरकार

Updated : Sat, 01 Apr 2023 05:33 PM

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को असमय बरसात व ओलावृष्टि से उपजी स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि खराब गेहूं की गुणवत्ता पर दुष्प्रभाव की आशंका है। ऐसे में किसानों को राहत देने के लिए बारिश से खराब हुई गेहूं आदि की फसल को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत खरीदा जाए। इसके लिए नियमों को शिथिल करने संबंधी प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ है। अन्नदाता किसानों का हित सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है।

लोक भवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि फसलों के नुकसान का तत्काल आंकलन किया जाए और तत्काल मुआवजा वितरित किया जाए। किसानों को मौसम पूर्वानुमान की समय पर सटीक जानकारी दी जाए।

ठीक किया जाए अर्ली वार्निंग सिस्टम

अर्ली वार्निंग सिस्टम को ठीक किया जाए। ताकि किसान आगे आने वाली आपदा को लेकर अलर्ट हो सकें और इससे नुकसान की संभावना कम होगी। यह पूर्वानुमान 24 से 48 घंटे का हो। मौसम विज्ञानियों द्वारा जारी चेतावनी के बारे में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को टीवी, अखबार व स्थानीय प्रशासन के माध्यम से जानकारी दी जाए।

बारिश व ओलावृष्टि के बाद की मौजूदा स्थिति के संबंध में मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग द्वारा तैयार किए गए प्रस्तुतिकरण का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 24 घंटे में भी नौ जिलों में ओलावृष्टि की सूचना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति अगले दो-तीन दिन और रहने की संभावना है।

बिना विलंब आर्थिक सहायता देने के निर्देश

इसके लिए सभी आवश्यक सतर्कता प्रबंध किए जाएं। प्राकृतिक आपदा के कारण किसी भी प्रदेशवासी की दुखद मृत्यु अथवा मानव वन्य जीव संघर्ष से कोई घायल होता है तो बिना विलंब किए तत्काल पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।