महोबा की धरती पर पहली बार कदम रखते ही गडकरी ने की घोषणाओं की बौछार, 75 करोड़ से होगा रिंग रोड का निर्माण
Updated : Mon, 13 Mar 2023 05:18 PM

बुंदेलखंड वीर भूमि महोबा की धरती पर पहली बार कदम रखते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणाओं की बौछार कर दी। महोबा के कानपुर-सागर हाईवे को फोरलेन की सौगात देने के बाद केंद्रीय मंत्री ने यहां 18 किलोमीटर बाईपास को चौड़ा किए जाने की घोषणा के साथ शहर में 75 करोड़ की लागत से एक रिंग रोड बनाए जाने की भी घोषणा की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केवल वादा नहीं है बल्कि इसे जल्द पूरा भी किया जाएगा। इस घोषणा से शहरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। जनता ने ताली बजा कर केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। शहर में काफी समय से रिंग रोड निकलने को लेकर कशमकश चल रही थी। एक साल पहले इसके लिए जमीन भी चिह्नित हुई थी। इसे किड़ारी रेलवे क्रासिंग के पास से शहर के बाहर से चारों ओर घुमाते हुए झांसी-मिर्जापुर व कानपुर सागर हाईवे में जोड़ना था। बजट का रोड़ा होने से पूरी प्रक्रिया ठप पड़ी थी।
सोमवार को महोबा की धरा पर पहली बार आए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री के समक्ष महोबा को अन्य सड़क योजनाओं की सौगात देने के साथ रिंग रोड का भी तोहफा दिया। कहा कि इसे जल्द ही पूरा कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महोबा ही नहीं पूरे बुंदेलखंड की सड़कें 2024 तक अमेरिका की सड़कों की तरह नजर आएंगी। सड़क मार्ग सही होंगे तो युवाओं को रोजगार मिलेगा। किसानों को दूसरे शहर अपनी उपज ले जाने की सहूलियत होगी।
शहर को रिंग रोड और बाइपास के निर्माण की घोषणा से शहर के व्यापारियों ने खुशी जताई। व्यापारी अजय बरसइंया, दुकानदार राजीव ताम्रकार ने कहा कि इससे हमारा जिला चमक जाएगा। लोगों को जाम के झाम से मुक्ति मिलेगी। सुगम यातायात की सौगात से व्यापार भी फले फुलेगा।
झांसी-खजुराहो फोरलेन होने से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
झांसी-खजुराहो फोरलेन बन जाने से खजुराहो जाने में दो से ढाई घंटे ही लगेंगे। अभी यह सफर चार से पांच घंटे में पूरा होता था। आवागमन की सुविधा बढ़ने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सड़क का एकल मार्ग होने के कारण अभी तक वाहनों को झांसी से खजुराहो तक की 179 किलोमीटर की दूरी तय करने में चार से पांच घंटे का समय लग जाता था।