• Home
  • Wed, 12-Mar-2025

Breaking News


सपा कोलकाता में बनाएगी लोकसभा चुनाव की रणनीति, मुलायम सिंह के निधन के बाद सपा की होगी पहली बैठक

Updated : Thu, 09 Mar 2023 04:41 PM

समाजवादी पार्टी वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की रणनीति इस बार कोलकाता में बनाएगी। पार्टी ने 17 से 19 मार्च को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कोलकाता में बुलाई गई है। इसमें 20 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी बुलाए गए हैं। उम्मीद यह भी की जा रही है कि इसमें सपा पार्लियामेंट्री बोर्ड का भी गठन कर सकती है। यह बोर्ड ही चुनाव में प्रत्याशी चयन कर टिकटों को अंतिम रूप देता है। कोलकाता में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यह पांचवीं बैठक है।

समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए नीतियों और रणनीतियों पर चर्चा करेगी। इसमें नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के साथ ही कई विशेष आमंत्रित अतिथियों को भी बुलाया गया है। इस साल के अंत में होने वाले तीन राज्यों छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों पर भी चर्चा हो सकती है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार सपा प्रमुख अखिलेश यादव 17 मार्च को कोलकाता पहुंच जाएंगे। यहां कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद 18 व 19 मार्च को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी। कोलकाता में अखिलेश पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मुलाकात कर सकते हैं। सपा अध्यक्ष को ममता बनर्जी का लगातार समर्थन मिल रहा है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी ममता अखिलेश के समर्थन में प्रचार करने लखनऊ आईं थीं।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राजनीतिक व आर्थिक प्रस्ताव पास होंगे। मुलायम सिंह के निधन के बाद सपा की यह पहली बैठक होने जा रही है। लंबे अंतराल के बाद चाचा शिवपाल सिंह यादव भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के मंच पर नजर आएंगे। सपा अध्यक्ष ने हाल में अपने चाचा शिवपाल यादव को साथ लेते हुए राष्ट्रीय महासचिव बनाया है।